छात्रा ने पुलिस पर रिश्वत मांगने और मारपीट का लगाया आरोप, सीओ ने दिया जवाब, देहरादून का मामला

राजधानी देहरादून में कुछ छात्रों ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए है. छात्रों ने कथित तौर पुलिसकर्मियों से रिश्वत मांगने और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. वहीं इस मामले में देहरादून पुलिस का भी बयान आया है. पुलिस ने छात्रों के आरोपों को निराधार बताया है. पुलिस का कहना है कि छात्र आपस में झगड़ा कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उनका चालान करते हुए उन्हें गिरफ्तार भी किया था.

दरअसल, इस पूरे मामले में एक छात्रा का वीडियो सामने आया है. वीडियो में छात्रा बोल रही है कि वो अपने साथियों के साथ बिधौली मैगी प्वाइंट जा रही थी. तभी रास्ते में कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनसे रिश्वत लेने का प्रयास किया. हालांकि जब उन्होंने रिश्वत देने से मना किया और पुलिसकर्मियों का विरोध किया तो पुलिस वाले उनके दोस्त को अंदर ले गए.

छात्रा का आरोप है कि जब वो दोबारा से पुलिस कर्मियों के पास गई और अपने दोस्त को छोड़ने के लिए रिक्वेस्ट किया तो उन्होंने करीब दो-तीन घंटे इंतजार कराया गया. इसके बाद छात्रा ने अपने अन्य दोस्तों को मामले की जानकारी दी. आरोप है कि जब वो फिर से अपने साथियों से मामले की जानकारी लेने पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें इधर-उधर घुमायाय मामला तब और गंभीर हो गया जब छात्र शिकायत लेकर प्रेमनगर थाने पहुंचे.

छात्रा का आरोप है कि वहां पुलिस ने उनकी शिकायत लेने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर कहा कि शिकायत स्वीकार नहीं करेंगे, ”जो करना है कर लो”. छात्रा ने वहां मौजूद एक कॉन्स्टेबल के व्यवहार पर भी गंभीर सवाल उठाए. उनके मुताबिक, कॉन्स्टेबल ने कथित तौर पर कहा कि ”ले लो मेरी फोटो, मेरे बैच की फोटो ले लो, तुम जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं उखाड़ पाओगे” घटना के बाद छात्रों में आक्रोश है.

वहीं छात्रा के आरोपों पर देहरादून पुलिस का भी बयान आया है. सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल के अनुसार ये मामला 17 अगस्त का है. थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि बिधौली क्षेत्र में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर आपस मे झगड़ा कर रहे है. सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो पाया कि दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद होने के कारण दोनो पक्ष सार्वजनिक मार्ग पर हुडदंग कर आपस मे लडाई-झगडा कर रहे थे, जिन्हें पुलिस कर्मियों द्वारा मौके पर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई पक्ष सुनने को तैयार नहीं था और अधिक उग्र होकर हंगामा करते हुए एक दूसरे के साथ मारपीट पर उतारू हो गए थे.

पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस द्वारा मौके से दोनों पक्षों के तीन छात्रों का धारा 170 बीएनएसएस के अन्तर्गत गिरफ्तार किया गया.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *