नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी से बड़ी खबर सामने आई है. यहां शादी का झांसा देकर एक युवती से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि मेरठ निवासी युवक ने अपनी पहचान छिपाकर पहले दोस्ती की, फिर शादी और धर्म परिवर्तन का भरोसा देकर युवती का विश्वास जीता. बाद में शादी से मुकरने, सबूत मिटाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
हल्द्वानी में सामने आया यह मामला सिर्फ शादी का झांसा देकर कथित दुष्कर्म का नहीं, बल्कि भरोसे के टूटने और कथित धोखे की पूरी कहानी बयां करता है. पुलिस के अनुसार पीड़िता ऊधम सिंह नगर जिले की रहने वाली है, जो हल्द्वानी में किराए पर रहती है और शहर में काम भी करती है.
पीड़िता का कहना है कि वहीं पर काम के दौरान उनकी मुलाकात मेरठ निवासी शहबाज से हुई. दोनों साथ काम करते तो बातचीत भी होने लगी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. आरोप है कि आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाई और युवती से शादी का वादा किया. हालांकि बाद में जब युवती को आरोपी के असली पहचान के बारे में पता चला तो उसने युवती का भरोसा जीतने के लिए उसने यह भी कहा कि वह उससे शादी करने के लिए अपना धर्म बदल लेगा.