उत्तराखंड पुलिस के एक और जवान का वीडियो सामने आया है. इस जवान ने भी शेर सिंह की तरह बागी तेवर दिखाए हैं और खुद को 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से आहत होना बताया है. इस जवान ने शेर सिंह का समर्थन करते हुए खुद का इस्तीफा देने की बात कही है. जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है.
जिस जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसका नाम अमित कुमार बताया जा रहा है, जो उत्तराखंड पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है और इस वक्त पिथौरागढ़ में तैनात हैं. पुलिस विभाग की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ में तैनात आरक्षी अमित कुमार को 23 जुलाई को कांवड़ मेला ड्यूटी के लिए हरिद्वार रवाना किया गया था.
इस मामले में पिथौरागढ़ पुलिस की तरफ से प्रेस रिलीज जारी कर बताया गया कि जवान अमित कुमार पर पहले रुद्रप्रयाग जिले में तैनात थे, जहां शिकायतों के आधार पर उन्हें पिथौरागढ़ ट्रांसफर किया गया था. इसके अतिरिक्त उनके विरुद्ध अनुशासनहीनता, ड्यूटी के प्रति लापरवाही व विभागीय निर्देशों की अवहेलना के मामलों में पूर्व में भी कई बार विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है. उन्हें नियमानुसार दंडित किया जा चुका है.
वहीं, पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया पुलिस स्पष्ट करती है कि विभागीय अनुशासन, सेवा आचरण व कानून व्यवस्था के विपरीत किसी भी प्रकार के कृत्य को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. दोषी पाए जाने वाले कार्मिकों के खिलाफ कठोर एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
बता दें कि जिस शेर सिंह का जिक्र अमित कुमार ने किया है, वो बीते दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में गए थे. शेर सिंह भी उत्तराखंड पुलिस के जवान है और पिथौरागढ़ में तैनात है. शेर सिंह अपनी वर्दी में ही कॉकरोच जनता पार्टी के मंच पर गए थे और अपना इस्तीफा देने की बात कही थी