रील और स्टंट की सनक से हलक में आई जान, गंगा में उतारी थार, क्रेन से निकालनी पड़ी बाहर

आजकल रील का खुमार इस कदर छा गया है कि लोग अपनी जान को भी जोखिम में डालने से नहीं कतरा रहे हैं. ऐसा ही एक मामला हरिद्वार के बजरीवाला क्षेत्र से सामने आया है. जहां कुछ युवक अपनी थार गाड़ी लेकर गंगा नदी के किनारे पहुंच गए, फिर थार को नदी में उतारकर स्टंट करते हुए वीडियो बनाने लगे. तभी पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा. ऐसे में देखते ही देखते थार नदी के बीच फंस गई और कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक थार गाड़ी के इंजन की क्षमता मापने के लिए गंगा किनारे गए थे. जहां वो पानी में गाड़ी को दौड़ा रहे थे, लेकिन अचानक गंगा का जल स्तर बढ़ गया. युवकों ने पहले गाड़ी को निकालने की कोशिश की, लेकिन पानी बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से थार को रस्सी से बांधकर बहने से रोका गया.

Thar Vehicle Stuck Ganga

इसी बीच सूचना मिलने पर कनखल थाना के एसएसआई अनुज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद मौके पर क्रेन बुलाई गई, जिसकी मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई. यह घटना आसपास खड़े लोगों ने अपने मोबाइल के कैमरे मे कैद कर ली.

सीओ सिटी शिशुपाल नेगी ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें. प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार लोगों को नदी किनारे और जलधाराओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *