काशीपुर में फिर उपद्रव की कोशिश, फैलाई गई ‘पुलिस पिटाई से नाबालिग की मौत’ की अफवाह, जानें पूरा मामला

उधम सिंह नगर के काशीपुर में जुलूस के दौरान हुई उपद्रव के 3 दिन बाद फिर से काशीपुर में माहौल खराब करने का प्रयास किया गया. ये आरोप पुलिस ने कुछ अराजक तत्वों पर लगाया है. हालांकि, पुलिस की सतर्कता और निगरानी के कारण मामला शांतिपूर्ण तरीके से शांत हुआ. मामला ‘नाबालिग की पुलिस हिरासत में मौत’ की अफवाह से जुड़ा है.

काशीपुर में रविवार 21 सितंबर की रात मोहल्ला अल्लीखां में बिना अनुमति एक जुलूस का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिना अनुमति जुलूस न निकालने की अपील की. इस दौरान कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस कर्मियों से मारपीट कर दी. जिसका वीडियो भी सामने आया था. इसके बाद पुलिस ने मामले में जुलूस का नेतृत्व करने वाले समेत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया और 400 से 500 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया.

वहीं बुधवार रात काशीपुर में एक अफवाह फैलाकर माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की. पुलिस का आरोप है कि मोहल्ला अल्ली खां में एक अफवाह तेजी से फैली कि काशीपुर में ‘पुलिस की हिरासत में पिटाई से नाबालिग की मौत’ हो चुकी है. इस अफवाह पर मोहल्ले के सभी लोग पुलिस चौकी की तरफ बढ़ने लगे. लेकिन पुलिस प्रशासन ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समुदाय के जनप्रतिनिधियों को बांसफोड़ान पुलिस चौकी बुलाया और उक्त नाबालिग से मुलाकात करवाई. साथ ही जनप्रतिनिधियों के सामने ही नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *