आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने की तैयारियां प्रशासन स्तर से तेज हो गई हैं. इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है. जिला प्रशासन के निर्देश पर कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में कांवड़ियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों और चिन्हित चेक पोस्टों पर विशेष स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था की जा रही है. इन सभी स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर पैनी नजर रखेंगी. दरअसल, 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान तमाम स्थानों पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित किए जाएंगे.
हर मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर फिजिशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय की तैनाती रहेगी, जिससे किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके. इसके अलावा यात्रा मार्ग पर जरूरी दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और चिकित्सा कर्मियों को पूरी यात्रा अवधि के दौरान मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं.