लगातार हो रही भारी बारिश के चलते देहरादून-मसूरी रोड पर 20 किलोमीटर के आसपास सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने देहरादून-मसूरी मार्ग को अग्रिम आदेशों तक पूरी तरह बंद कर दिया है।
सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन एवं संबंधित विभाग मौके पर राहत एवं मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। सड़क की स्थिति का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

प्रशासन ने आम जनता, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अग्रिम आदेश जारी होने तक देहरादून-मसूरी रोड पर यात्रा करने से बचें तथा आवश्यक होने पर केवल वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
संबंधित विभागों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कार्य पूरे होने के बाद ही मार्ग को यातायात के लिए खोला जाएगा। तब तक देहरादून-मसूरी रोड पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।