लक्सर में सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार पर चला बुलडोजर, 2 नोटिस का नहीं दिया था जवाब

उत्तराखंड में अवैध मजारों पर कार्रवाई जारी है. हरिद्वार जिले की लक्सर तहसील में धामी सरकार ने अवैध मजार पर बड़ा एक्शन लिया है. यहां ग्राम समाज की जमीन पर बनी अवैध मजार पर बुलडोजर चला दिया गया है. एसडीएम सौरभ असवाल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम और भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई. इसके बाद अवैध मजार ध्वस्त की गई है.

हरिद्वार जिले में लक्सर के नहेंदपुर सुठारी गांव में शनिवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की. सरकारी भूमि पर बनी मजार को अतिक्रमण की श्रेणी में पाते हुए ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए रुड़की, झबरेड़ा, लक्सर, खानपुर, कलियर और पथरी थानों की पुलिस फोर्स तथा आईआरबी के जवानों को बड़े स्तर पर तैनात किया गया. पूरे ऑपरेशन को प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंजाम दिया.

जानकारी के अनुसार, सरकारी भूमि पर बनी इस मजार को लेकर प्रशासन की ओर से दो बार नोटिस जारी किए गए थे. नोटिस में संबंधित पक्षों को दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा निर्माण के संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया था. लेकिन निर्धारित अवधि के भीतर कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया.

अवैध मजार तोड़े जाने की कार्रवाई के दौरान गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. हालांकि पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखते हुए कार्रवाई को बिना किसी बाधा के पूरा कराया. मौके पर महिला पुलिस बल भी तैनात रहा. प्रशासन की इस कार्रवाई ने क्षेत्र में यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा अब नहीं चलेगा.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *