उपनल कर्मियों की समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन में आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक श्री राजकुमार तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता श्री प्रीतम सिंह ने सरकार पर तीखे शब्दों में हमला बोला। नेताओं ने उपनल कर्मियों के मौलिक अधिकारों, नौकरी की स्थिरता और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि सरकार लगातार कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है।
आंदोलन स्थल पर पहुंचे दोनों नेताओं ने कहा कि उपनल कर्मियों के साथ अन्याय किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उपनल व्यवस्था का गलत उपयोग कर हजारों योग्य युवाओं का शोषण किया जा रहा है।
श्री राजकुमार ने कहा कि “सरकार की उदासीनता से कर्मचारी सड़क पर उतरने को मजबूर हुए हैं, जबकि उनकी मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं।”
वहीं श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि “उपनल कर्मियों के हितों की लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी। सरकार जल्द समाधान निकाले, वरना व्यापक आंदोलन होगा।”
नेताओं ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से उपनल कर्मियों के साथ खड़ी है और उनके हक की लड़ाई को न्याय मिलने तक जारी रखा जाएगा।