नौकरी चाहिए तो 11 नवंबर को रुद्रपुर पहुंचें, भर्ती मेले में 35 कंपनियां 1500 युवाओं को देंगी रोजगार

राज्य स्थापना दिवस के मौके पर कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा 11 नवम्बर को रुद्रपुर कार्यालय में भर्ती मेले का आयोजन किया जा रहा है. इसमें 35 से अधिक नामी गिरामी कंपनियां लगभग 15 सौ बेरोजगार युवाओं को रोजगार देंगी. इसके लिए अभ्यर्थी को नेशनल करियर सर्विस एप में रजिस्ट्रेशन करना होगा.

राज्य को 9 नवंबर को 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश सरकार कई कार्यक्रम आयोजित कर इसे रजत जयंती के रूप में मना रही है. विभागों द्वारा कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग भी युवाओं को रोजगार देने के लिए 11 नवंबर को जिला सेवायोजन कार्यालय रुद्रपुर में एक दिवसीय बृहद रोजगार मेले का आयोजन कर रहा है.

इस रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, मार्केटिंग, हॉस्पिटैलिटी, सर्विस फार्मा, हेल्थ केयर आदि विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 35 से अधिक नामी गिरामी कंपनियों द्वारा 1500 से अधिक पदों के लिए साक्षात्कार के माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे.

रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना पंजीकरण नेशनल करियर सर्विस पोर्टल (www.ncs.gov.in) पर अनिवार्य रूप से करना होगा. गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 25-26 के दौरान सेवायोजन विभाग द्वारा 10 छोटे रोजगार मेलों का आयोजन किया गया. इन मेलो में 126 बेरोजगारों को रोजगार मिला.

पिछले 5 वर्षों के दौरान विभाग द्वारा 74 रोजगार मेले लगाए गए. इसमें 1081 बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्रदान हुए. 1 जनवरी 2025 से लेकर 25 अगस्त 2025 तक उधम सिंह नगर जिला सेवा आयोजन कार्यालय में जनपद के कुल 43,638 बेरोजगारों ने अपना पंजीकरण कराया है.

गौरतलब है कि उत्तराखंड इस वर्ष अपनी स्थापना का रजत जयंती समारोह मना रहा है. उत्तराखंड की स्थापना 9 नवंबर 2000 में हुई थी. 1 नवंबर से ही राज्य में विभिन्न कार्यक्रम राज्य स्थापना को लेकर मनाए जा रहे हैं. राज्य स्थापना के दिन 9 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड आ रहे हैं.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *