करवा चौथ पर पत्नी के लिए खरीदनी थी कीमती साड़ी, पति ने कर डाली लूट, गिरफ्तार

सीमांत पिथौरागढ़ नगर में एक व्यक्ति ने करवा चौथ पर अपनी पत्नी को उपहार देने के लिए लूट की घटना को अंजाम दिया. पति ने लूट के रुपयों से पत्नी को कीमती साड़ी और अन्य सामग्री गिफ्ट की. लेकिन पत्नी की ये खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी. पुलिस ने लूट के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पिथौरागढ़ नगर में 72 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम दिया था.

पिथौरागढ़ कोतवाल ललित मोहन जोशी के मुताबिक, पिथौरागढ़ नगर के तिलढुकरी निवासी फय्याज खान के साथ दो दिन पहले 10 अक्टूबर की सुबह लूट की घटना हुई. एक अज्ञात युवक ने उन्हें धक्का देकर 24 हजार रुपए लूट लिए और फरार हो गया. पीड़ित के पोते मो. शाहनवाज खान ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी.

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की खोजबीन के लिए टीम का गठन किया गया. इस बीच कई सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए. घटना में पिथौरागढ़ नगर के लिन्ठूड़ा निवासी 28 वर्षीय सागर सोराड़ी का नाम सामने आया. जिसके बाद घटना के तीसरे दिन आरोपी को ऐंचोली से गिरफ्तार किया गया.

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आरोपी सागर ने दुकान के पास रहकर बुजुर्ग व्यापारी की रेकी की. दुकान बंद करने के बाद वह व्यापारी के पीछे-पीछे चल दिया. इस बीच सुनसान इलाके में मौका मिलते ही उसने व्यापारी को धक्का देकर उससे रुपये लूट लिए और फरार हो गया.

एसपी का कहना है कि जिस दिन लूट हुई, उस तिथि को करवाचौथ पर्व था. आरोपी ने पहले बुजुर्ग को लूटा और फिर इस लूट की धनराशि से उसने तीन हजार रुपए से अधिक की साड़ी खरीदी. करवा चौथ पर साड़ी पत्नी को उपहार में दी. पुलिस ने लूट के बाकी बचे 17 हजार 130 रुपये और लूट की धनराशि से खरीदी गई साड़ी भी बरामद की है. कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है.

एसपी ने बताया कि इससे पूर्व भी आरोपी मोबाइल लूट और स्मैक तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है. आदतन अपराध करने पर कोतवाली में पहले से गैंगस्टर, एनडीपीएस सहित पांच मुकदमे भी पंजीकृत है. आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में था.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *