वक्फ नियमों का पहली बार बनेगा लिखित दस्तावेज, केंद्र के ड्राफ्ट पर राज्य बना रहा अपनी नियमावली

उत्तराखंड में वक्फ संपत्तियों के रखरखाव को लेकर पहली बार सरकार लिखित दस्तावेज तैयार कर रही है. इसके तहत राज्य में वक्फ के मामलों पर नियमावली तैयार की जाएगी, जिसके लिहाज से ही पूरा वक्फ सिस्टम चलाया जाएगा.

उत्तराखंड में वक्फ संपत्तियों के रखरखाव और प्रबंधन को लेकर पहली बार एक विस्तृत लिखित नियमावली तैयार की जा रही है. राज्य में वक्फ से जुड़े मामलों के संचालन, संपत्तियों के प्रबंधन और व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सरकार नियमों का एक औपचारिक दस्तावेज तैयार कर रही है. इसके लागू होने के बाद प्रदेश में वक्फ से जुड़े मामलों का संचालन इसी नियमावली के अनुरूप किए जाने की उम्मीद है.

वक्फ संपत्तियों के रखरखाव, प्रबंधन और उनके इस्तेमाल को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं. कई मामलों में वक्फ संपत्तियों को लेकर विवाद, जांच और कानूनी कार्रवाई भी सामने आती रही है. ऐसे में सरकार की ओर से तैयार की जा रही नियमावली को वक्फ संपत्तियों की व्यवस्था को अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

दरअसल, केंद्र सरकार की ओर से सभी राज्यों को वक्फ से संबंधित नियमावली तैयार करने के लिए एक ड्राफ्ट उपलब्ध कराया गया है. राज्यों को अपने यहां की परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार इस ड्राफ्ट के आधार पर नियम तैयार करने हैं. इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार भी केंद्र के ड्राफ्ट को आधार बनाकर प्रदेश के लिए अपनी नियमावली तैयार कर रही है.

राज्य में नियमावली तैयार करने की प्रक्रिया अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के स्तर पर आगे बढ़ाई जा रही है. विभाग की ओर से केंद्र के ड्राफ्ट का अध्ययन करने के बाद उत्तराखंड की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक प्रावधानों को शामिल किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य वक्फ से जुड़े मामलों में नियमों को स्पष्ट करना है, ताकि संपत्तियों के रखरखाव और प्रबंधन को लेकर किसी तरह की अस्पष्टता न रहे.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *