उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से बड़ा मामला सामने आया है. काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के दौरान छह वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने धाम पहुंचकर महंत और उसके दो सेवादारों के साथ मारपीट की और उन्हें अपने साथ ले गए. घटना के बाद शिवलालपुर धाम परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच का इंतजार कर रही हैं.
जानकारी के मुताबिक काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में शिवलालपुर धाम है, जहां पर तंत्र-मंत्र के दौरान छह वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने धाम पहुंचकर महंत और उसके दो सेवादारों के साथ मारपीट की. आरोप है कि आक्रोशित परिजन महंत और उसके दो सेवादारों को जबरन अपने साथ लेकर भी गए हैं.
इस घटना से धाम में मौजूद श्रद्धालुओं और महंत के परिजनों में दहशत फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि पैगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा स्थित जंगलवाला बालाजी मंदिर परिसर में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के हरथला निवासी सत्यवीर सिंह ने करीब सात वर्ष पूर्व शिवलालपुर धाम की स्थापना की थी.
पुलिस के अनुसार यहां प्रत्येक मंगलवार को दरबार लगाया जाता है, जहां तंत्र-मंत्र, ऊपरी बाधा, गांठ, पथरी व अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार का दावा किया जाता है. इसी विश्वास के चलते दूर-दराज के लोग भी यहां पहुंचते हैं. पुलिस ने बताया कि 27 जुलाई को संभल जनपद के थाना कुड़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बैरनी निवासी वीरवती अपने छह वर्षीय पोते अर्पित यादव को लेकर धाम पहुंची थीं.
बताया गया कि बच्चे को दौरे पड़ने की शिकायत थी. आरोप है कि धाम में चल रही कथित तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के दौरान बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई. आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.