देहरादून जाखन नदी में बही 12 वर्षीय बच्ची फौजी ने बचाई जिंदगी

उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है. इससे नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है. नदियां उफान पर बह रही हैं. ऐसे में देहरादून की जाखन नदी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जाखन नदी के तेज बहाव में एक 12 वर्षीय बालिका बहने लगी. उसी दौरान मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए सेना के एक जवान और तीन स्थानीय युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगाई और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बालिका अपने साथियों के साथ जाखन नदी का पानी देखने गई थी. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगी और बालिका अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई. बच्ची को बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए फौजी और तीन युवकों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी. काफी मशक्कत के बाद चारों ने मिलकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए. लोगों ने चारों युवकों और सेना के जवान की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि, उनकी सूझबूझ और साहस से एक मासूम की जान बच गई. समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

वहीं लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन भी लोगों से नदी-नालों और बरसाती गदेरों के पास नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील कर रहा है. बारिश के मौसम में जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल का कहना है कि, भारी बारिश के बीच सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की अलग- अलग टीमों द्वारा लगातार भ्रमणशील रहते हुए हर स्थिति पर लगातार सतर्क दृष्टि रखी जा रही है, साथ ही रात्रि से ही लगातार नदी-नालों के किनारे और संवेदनशील स्थानों में भ्रमणशील रहकर लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है. लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण नदी-नालों के किनारे न जाने की हिदायत दी जा रही है. साथ ही नदी किनारे संवेदनशील स्थानों से लोगों को हटाते हुए सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *