डालनवाला थाना क्षेत्र की कृष्ण कॉलोनी में फ्लैट मालिकों और जमीन मालिक के बीच विवाद का मामला सामने आया है. विवाद के दौरान मारपीट की भी घटना सामने आई. सूचना मिलते ही पुलिस और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. एमडीडीए की टीम ने इस दौरान फ्लैट के चौथे तल को सील कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, डालनवाला की कृष्ण कॉलोनी में दो अपार्टमेंट के जमीन मालिक राजीव यादव ने अपने 4 पार्टनर के साथ अपार्टमेंट का निर्माण किया था. लेकिन साल 2024 में एक पार्टनर ने धोखाधड़ी से अपार्टमेंट के कुछ फ्लैट मनमर्जी से बेच दिए और अपार्टमेंट के जमीन मालिक को हिस्सा नहीं दिया. इस दौरान अपार्टमेंट में बने फ्लैटों में कमी के कारण विवाद भी एमडीडीए में चल रहा था. राजीव यादव कार्रवाई के लिए पिछले 2 साल से एमडीडीए के चक्कर लगा रहे हैं.
वहीं सोमवार को दोनों अपार्टमेंट के फ्लैट को सील करने के लिए एमडीडीए की टीम कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ मौके पर पहुंची थी. जिस समय एमडीडीए की टीम द्वारा अपार्टमेंट के चौथे फ्लोर को सील किया जा रहा था, उसी दौरान अपार्टमेंट के बाहर राजीव यादव और फ्लैट मालिकों के बीच बहस शुरू हो गई. बहस के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात घुसे चले. मारपीट होते देख अपार्टमेंट के चौथे फ्लोर से पुलिस नीचे आई और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया गया.
अपार्टमेंट जमीन मालिक राजीव यादव का आरोप है कि फ्लैट अवैध तरीके से बेचे गए हैं. जबकि फ्लैट मालिक अपने अधिकार का दावा कर रहे हैं. इसी विवाद के बीच दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
नरेंद्र गहलावत कोतवाली डालनवाला प्रभारी ने बताया कि वीडियो को संज्ञान में लेने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.