ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. बिरही स्थित एनएच प्लांट के समीप डंपर और कार की आमने-सामने भिड़ंत में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमोली के बिरही क्षेत्र में एनएच प्लांट के पास एक डंपर और कार की तेज टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के समय मौके के पास ही ड्यूटी पर तैनात यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर हालात को संभाला.
उन्होंने बिना समय गंवाए घायल चालक को निजी वाहन से तत्काल विवेकानंद अस्पताल, पीपलकोटी पहुंचाया. जहां उसे समय रहते प्राथमिक उपचार मिला.
ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर इलाज मिल सका. उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई गई. उपचार के बाद घायल को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
इसके साथ ही पुलिस टीम ने मौके पर यातायात व्यवस्था को भी जल्द ही सामान्य कर दिया. जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन सुचारु बना रहा. इस घटना में जहां एक ओर हादसे की भयावहता सामने आई. दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस की तत्परता और मानवता ने एक बड़ी जान बचाने का काम किया.