श्रमिकों को नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर, 191 CSC से मिलेगी हर सुविधा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत श्रमिकों को बड़ी सौगात दी। सीएम ने 4224 लाभार्थी श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 12 करोड़ 89 लाख 85 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस अवसर पर राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेंटरों में श्रमिकों की सहायता के लिए की गई विशेष व्यवस्था का भी शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के तहत अब श्रमिकों को योजनाओं से जुड़ी जानकारी, पंजीकरण, नवीनीकरण और अन्य सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार श्रमिकों की हर समस्या के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है।

सीएम धामी ने कहा कि 191 कॉमन सर्विस सेंटरों में शुरू की गई विशेष व्यवस्था से अब श्रमिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ब्लॉक, तहसील और गांव स्तर पर ही सीएससी के माध्यम से श्रमिकों को पंजीकरण, नवीनीकरण और योजनाओं से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले छह महीनों में अब तक 51 करोड़ रुपए की धनराशि श्रमिकों और उनके परिजनों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। इससे पहले बोर्ड द्वारा श्रमिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण और लाभ के आवेदन के लिए विकासखंड स्तर पर भी व्यवस्था शुरू की जा चुकी है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *