चमोली में बड़ा हादसा, वाहन के ऊपर गिरा बोल्डर, चालक घायल

जिले के बिरही निजमुला मोटर मार्ग पर बोल्डर के चपेट में आने से एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वाहन में केवल चालक ही सवार था. पहाड़ी से पत्थर गिरने से वाहन सड़क ही पर पलट गया और क्षतिग्रस्त हो गया. चालक को चोट आई हैं. वाहन का रजिस्ट्रेशन देहरादून का है.

चमोली पुलिस के मुताबिक, UK 07 TA 5265 रजिस्ट्रेशन नंबर का टाटा सुमो वाहन सुबह शिक्षकों को लेकर विद्यालय छोड़ने गया था. शिक्षकों को छोड़कर जब वाहन चालक वापस चमोली की ओर लौट रहा था, तभी अचानक बिरही निजमुला मोटर मार्ग पर काली चट्टान के पास पहाड़ी से आए बोल्डर की चपेट में आने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और सड़क पर ही पलट गया. गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. बोल्डर की चपेट आने से वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है. जबकि वाहन चालक को हल्की चोटें आई हैं. सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों ने सड़क पर पलटे वाहन से घायल चालक का रेस्क्यू किया और अपने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया. चालक को हल्की चोटें आई हैं. फिलहाल अस्पताल में घायल चालक का उपचार चल रहा है.

खास बात है कि बिरही निजमुला मोटर मार्ग, लोक निर्माण विभाग के पास है. यह मार्ग कुछ दिनों पहले काली चट्टान में भूस्खलन होने के कारण बंद हो गया था. इस मार्ग को सुचारू करने में लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह से भी ज्यादा का समय लग गया था.

दरअसल, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन होने का अक्सर डर बना रहता है. बरसात के समय जो बड़े-बड़े लैंडस्लाइड बन जाते हैं, वह हमेशा दुर्घटना को दावत देते हैं. अक्सर देखा जाता है कि बरसात बंद होने के बाद भी बड़े-बड़े लैंडस्लाइड से पत्थरों या बोल्डर का गिरने का सिलसिला अक्सर बना रहता है. लोगों को इन मार्गों से जान हथेली में रखकर आवाजाही करनी पड़ती है.

खड़ी पहाड़ी होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में अक्सर परेशानियों का सामना करना ही पड़ता है. अक्सर कई बार बारिश के बाद खड़ी पहाड़ियों से भूस्खलन और चट्टान कमजोर होने के कारण दरकने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. जिससे किसी भी वक्त इन खड़ी पहाड़ियों से बड़े-बड़े पत्थरों या बोल्डर के गिरने की घटनाएं दर्ज की जाती हैं.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *