उधम सिंह नगर के रुद्रपुर के व्यस्त गल्ला मंडी चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोग सहम गए. चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
रुद्रपुर शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल गल्ला मंडी चौक पर दोपहर तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि जिसने भी घटनास्थल का मंजर देखा, उसकी रूह कांप गई. तेज रफ्तार डंपर युवक को कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
घटना के प्रत्यक्षदर्शी राजू ने बताया कि, युवक गल्ला मंडी की ओर से प्रसाद लेकर चौराहे की तरफ आ रहा था. वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी काशीपुर की ओर से आ रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया. बताया जा रहा है कि चालक ने सामने चल रहे एक वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और डंपर सीधे युवक को टक्कर मारते हुए उसके ऊपर से गुजर गया. हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारु कराया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वह रम्पुरा क्षेत्र का रहने वाला है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस मृतक की पहचान कराने और उसके परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है.