पूर्व IAS के बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, फर्जी अफसर बनकर करता था ठगी

राजधानी देहरादून में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तराखंड में सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर रह चुके पूर्व मुख्य सचिव पूर्व आईएएस रामस्वामी के बेटे यशवर्धन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने का आरोप है

दरअसल पुलिस के मुताबिक पूर्व आईएएस रामस्वामी के बेटे यशवर्धन ने दिल्ली की एक युवती को अपने प्रभाव और ऊंचे संपर्कों का झांसा दिया। जिसके बाद उससे करीब 4.5 लाख रुपए की ठगी की गई थी। यहीं नहीं इसके बाद भी वो युवती से और पैसों की मांग कर रहा था। इसी मामले में पुलिस को शिकायत मिली। जिसके बाद जांच शुरू की गई और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि यशवर्धन खुद को कभी गृह मंत्रालय का अधिकारी, कभी रक्षा मंत्रालय से जुड़ा अधिकारी तो कभी सेना का बड़ा अफसर बताता था। जिसके बाद लोगों से ठगी करता था। यशवर्धन पर होटलों में ठहरकर बिल ना चुकाने का भी आरोप लगा है। साथ ही उसपर होटल के कर्मचारियों और गार्डों के साथ भी ठगी करने का आरोप लगा है।

पुलिस ने आरोपी के पास से सेना की वर्दी, कैप, बैज और वॉकी-टॉकी बरामद किया है। शुरुआती जांच के अनुसार इन सब का इस्तेमाल वो खुद को उच्च अधिकारी दिखने के लिए करता था और लोगों पर रौब जमाता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *