नगर निगम देहरादून में कांग्रेस पार्षद की अभद्रता पर जारी हड़ताल खत्म, कर्मियों ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

नगर निगम देहरादून में कांग्रेस पार्षद रॉबिन त्यागी द्वारा नगर आयुक्त नमामी बंसल से कथित अभद्रता के विरोध में हड़ताल पर गए निगम कर्मियों ने आखिरकार अपनी हड़ताल वापस ले ली है। कर्मियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों और भावनाओं से अवगत कराया।
कर्मियों का कहना है कि नगर आयुक्त के अनुरोध और निगम के कार्य प्रभावित होने को देखते हुए उन्होंने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। हालांकि, कर्मचारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई घटना दोहराई गई तो उसका जवाब उसी भाषा में दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि नगर आयुक्त नमामी बंसल लगातार कर्मचारियों से संवाद बनाए हुए थीं और नगर निगम के कामकाज पर पड़ रहे असर को देखते हुए वे हड़ताल समाप्त करने का आग्रह कर रही थीं। उनकी सूझबूझ और संतुलित रवैये के चलते ही स्थिति को संभाला जा सका और गतिरोध समाप्त हुआ।
हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निगम के कामकाज में धीरे-धीरे सामान्य स्थिति लौटने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच मर्यादा व व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *