पंजाब में ट्रामाडोल टैबलेट पकड़ी जाने से उत्तराखंड में अलर्ट, देहरादून से रास्ते ही पहुंची थी जीरकपुर

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने चंडीगढ़ से लगे पंजाब के जीरकपुर में 19 नवंबर को करीब पांच लाख ट्रामाडोल टैबलेट पकड़ी है. ट्रामाडोल टेबलेट एक प्रतिबंधित दवाई है, जिसका इस्तेमाल अक्सर नशे के लिए किया जाता है. बड़ी बात ये है कि ये दवाई यूपी से उत्तराखंड और हिमाचल के रास्ते पंजाब के जीरकपुर भेजी गई है. इस मामले के सामने आने के बाद उत्तराखंड पुलिस विभाग और एफडीए सक्रिय हो गई है. क्योंकि उत्तराखंड में भी सैकड़ों फार्म कंपनियां है.

दरअसल, 19 नवंबर रात को एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) और पुलिस की टीम ने पंजाब के दूधवाला- अमृतसर रूट पर पहलवान ढाबे के पास यूपी नंबर (UP11RT1031) ट्रक को रोका. ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमे से करीब 5 लाख ट्रामाडोल टैबलेट मिली. सभी टैबलेट को एनसीबी ने जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया. एक साथ प्रतिबंधित ट्रामाडोल की 5 लाख टेबलेट के मिलने से तमाम राज्यों में हड़कंप मचा हुआ है,. इसे देश भर में एक सक्रिय बड़े नेटवर्क का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत ये नेटवर्क प्रतिबंधित दवाओं को तमाम राज्यों में चोरी छुपे सप्लाई करता है.

मिली जानकारी के अनुसार एनसीबी पिछले एक महीने से इस नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रख रही थी, जिसके चलते ही प्रतिबंधित दवाई ट्रामाडोल टेबलेट की एक बड़ी खेप को जब्त किया गया. उत्तराखंड एफडीए से मिली जानकारी के अनुसार प्रतिबंधित ट्रामाडोल दवाइयां की बड़ी खेप को लेकर ट्रक उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड होते हुए अमृतसर यानी पंजाब जा रही थी. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच चल रही है कि यह दवाइयां कहां से लाई गई है और इनकी सप्लाई कहां होनी थी. साथ ही इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला है.

बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल दवाइयां का जखीरा पकड़े जाने के बाद उत्तराखंड एफडीए भी अलर्ट हो गया है और वो भी अपने स्तर से इस पूरे मामले की जांच कर रहा है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि उत्तराखंड में प्रवेश करने और राज्य से बाहर निकालने के दौरान चेक पोस्ट बनाए गए हैं. बावजूद इसके इस ट्रक ने प्रतिबंधित 5 लाख ट्रामाडोल दवाओं को अपने साथ लेकर उत्तराखंड में प्रवेश भी कर गया और उत्तराखंड से बाहर भी चला गया, लेकिन इसकी भनक किसी को भी नहीं लगी.

इस मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए उत्तराखंड एफडीए के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा कि पंजाब से उनको भी यह सूचना मिली है कि एक ट्रक पकड़ा गया है, जिसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंध दवाइयां पकड़ी गई है,. हालांकि, ये दवाइयां कहां बनी है कहां से आई है, इसकी अभी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है. फौरी तौर पर जो जानकारी मिली है, उसके तहत ये ट्रक उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड, हिमाचल और फिर पंजाब जा रहा था. यह ट्रक पंजाब में पकड़ा गया है.

साथ ही बताया कि इस तरह की दवाइयों का उत्तराखंड में बिक्री न हो इसके लिए सभी ड्रग्स इंस्पेक्टर को निर्देश दे दिए गए हैं. इसके अलावा सभी मैन्युफैक्चरर और दवा विक्रेताओं को भी निर्देश दिए हैं कि बिना बिल के दवाइयां ना लें.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *