एनआईटी उत्तराखंड में बंपर प्लेसमेंट, अमन भट्ट को मिला 17 लाख का पैकेज, दूसरे छात्रों ने भी मारी बाजी

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) उत्तराखंड ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक और व्यावसायिक उत्कृष्टता का प्रमाण दिया है. एनआईटी उत्तराखंड 2024-25 बैच के स्नातक छात्रों के लिए शानदार कैंपस प्लेसमेंट परिणाम घोषित किए हैं. संस्थान के करियर काउंसलिंग और प्लेसमेंट सेक्शन (CCPS) की मेहनत और उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी ने छात्रों के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं. इस वर्ष के प्लेसमेंट सीजन में छात्रों ने निजी और सार्वजनिक क्षेत्र दोनों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की. सबसे उच्चतम पैकेज ₹17 लाख प्रति वर्ष (LPA) दर्ज किया गया, जबकि औसत पैकेज ₹9 लाख प्रति वर्ष रहा. इस उपलब्धि ने NIT उत्तराखंड को देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों की सूची में और मजबूत स्थान दिलाया है.

छात्रों की सफलता केवल निजी कंपनियों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि सार्वजनिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में भी चयन हुआ. बीटेक मेकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र सत्यव्रत, बीटेक इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के छात्र अपूर्व चौहान, तथा बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के छात्र राहुल कुमार को मेकॉन लिमिटेड ने ₹14.87 लाख के पैकेज पर चयनित किया है. इसके अलावा, बीटेक कंप्यूटर साइंस और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 5 छात्रों को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने ₹12.5 लाख प्रति वर्ष के पैकेज पर नियुक्ति दी है.

बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छात्र अमन भट्ट ने संस्थान में सर्वोच्च पैकेज प्राप्त कर नया कीर्तिमान बनाया. उन्हें Optym India ने ₹17 लाख प्रति वर्ष के पैकेज पर नियुक्त किया है.

आईटी और सॉफ्टवेयर कंपनियों ने बड़ी संख्या में अवसर प्रदान किए, वहीं इस वर्ष कोर इंजीनियरिंग शाखाओं का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा. मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग ने 70% और इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग ने 77.5% की प्लेसमेंट दर दर्ज की. अंतिम रिपोर्ट के अनुसार, कुल लगभग 60% छात्रों को कोर सेक्टर की कंपनियों में रोजगार मिला है.

इस वर्ष के प्लेसमेंट ड्राइव में सैमसंग R&D, L&T, कैपजेमिनी, इंफोसिस, HCL टेक्नोलॉजीज, MECON लिमिटेड, Optym, BEL, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, MAQ सॉफ्टवेयर और एनवीडिया जैसी नामी कंपनियां शामिल हुईं. इन कंपनियों की सक्रिय भागीदारी ने छात्रों को देश-विदेश में बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का अवसर दिया.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *